इन 10 बिग बजट फिल्मों के भरोसे बॉलीवुड के 1000 करोड़ दांव पर

 बॉलीवुड में एक साल में इतनी सारी बिग बजट की फिल्में रिलीज नहीं हुई हैं, जितनी इस साल यानी 2014 में होंगी। पहली बार एक साल में 70 करोड़ रुपए से ज्यादा लागत की 10 फिल्में रिलीज होंगी और इन 10 फिल्मों पर बॉलीवुड की एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम दांव पर रहेगी।
एक बिजनेस अखबार के मुताबिक इस साल सबसे बड़ी लागत से रिलीज होने वाली फिल्म फराह खान की 'हैप्पी न्यू ईयर' है। दिवाली पर रिलीज होने वाली इस फिल्म की लागत 130 करोड़ रुपए बताई जा रही है। शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और बोमन ईरानी जैसे सितारों से सजी इस फिल्म से निश्चित तौर पर फराह और शाहरुख खान को मोटी कमाई की उम्मीद रहेगी।
आमिर खान की फिल्म 'पीके' दूसरी सबसे बड़े बजट की फिल्म होगी। बताया जा रहा है कि यह फिल्म 118 करोड़ की लागत से बन रही है। सलमान कहां शाहरुख और आमिर से पीछे रहने वाले हैं। 24 जनवरी को रिलीज होने वाली उनकी फिल्म जय हो के निर्माण में लगभग 110 करोड़ की रकम खर्च हुई है। माना जा रहा है कि 100 करोड़ क्लब में एंट्री करने वाली यह 2014 की पहली फिल्म होगी।
100 करोड़ की लागत वाली 2014 में रिलीज होने वाली चौथी फिल्म होगी रितिक रोशन और कट्रीना कैफ की बैंग-बैंग। 110 करोड़ की लागत से बन रही यह फिल्म 2 अक्टूबर को रिलीज होनी है। हालांकि इस फिल्म की शूटिंग कई बार टल चुकी है।
अनुराग कश्यप रितिक रोशन और अनुष्का शर्मा को लेकर अपनी लगभग 98 करोड़ की फिल्म बॉम्बे वेल्वेट में लेकर आएंगे। इस साल क्रिसमस पर रिलीज होने वाली इस फिल्म में करण जौहर भी एक्टर के तौर पर नजर आएंगे। इसी साल रिलीज होने वाली रणबीर कपूर की ही एक और फिल्म 'जग्गा जासूस' भी बड़े बजट की फिल्म है। रणबीर कपूर और अनुराग बसु के होम प्रोडक्शन की इस पहली फिल्म का बजट 90 करोड़ रुपए है।
इन फिल्मों के बीच प्रभु देवा अपनी 95 करोड़ बजट की फिल्म एक्शन-जैक्सन लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म में अजय देवगन और सोनाक्षी सिन्हा की जोड़ी है। अजय की ही एक और बड़े बजट की फिल्म सिंघम-2 भी इसी साल देखने को मिलेगी। कहा जा रहा है कि इस फिल्म के बनने में लगभग 88 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
अक्षय कुमार की भी इस साल बड़े बजट की फिल्म 'हॉलिडे' रिलीज होनी है। तमिल फिल्म 'थुपक्की' का यह फिल्म रीमेक होगी और इसमें अक्षय के साथ सोनाक्षी भी नजर आएंगी। अक्षय की एक और बिग बजट फिल्म 'गब्बर' भी इस साल देखने को मिलेगी। संजय लीला भंसाली की इस फिल्म का बजट तो 70 करोड़ था, लेकिन बताया जा रहा है कि फिल्म बनते-बनते इस पर 85 करोड़ रुपए खर्च हो जाएंगे।
इन दस फिल्मों के मुकाबले पिछले साल 70 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनने वाली सिर्फ चार फिल्में आई थीं, फिर भी कमाई के मामले में पिछला साल बॉलीवुड के लिए सबसे बेहतरीन रहा। ऐसे में इतनी सारी बड़े बजट की फिल्में आने से बॉक्स ऑफिस पर इस साल कई नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद लगाना गलत नहीं होगा।