अंडर 19 विश्व कपः कुलदीप की हैट-ट्रिक, स्कॉटलैंड की हालत पतली

आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप क्रिकेट में अपने दूसरे लीग मैच में भारत का मुकाबला स्कॉटलैंड से हो रहा है। भारत को जीत के लिए 89 रनों का टारगेट मिला है। भारतीय बोलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड की पूरी टीम को 88 रनों पर ही समेट दिया। स्कॉटलैंड की पूरी टीम 29.4 ओवर ही टिक पाई। भारत के लिए 'चाइनामैन' बोलर कुलदीप यादव ने हैट-ट्रिक लगाई। अंडर 19 वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। भारत की ओर से कुलदीप और ऑफ स्पिनर आमिर गनी ने 4-4 और फास्ट बोलरों अवेश खान और सी मिलिंद ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले, स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय ओपनिंग गेंदबाजों सी मिलिंद और अवेश खान ने कसी हुई गेंदबाजी कर स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। उन्हें 5वें ओवर में इसका फायदा मिला जब रॉस मैकलीन मिलिंद की गेंद पर गनी को कैच थमा बैठे। वह 7 रन ही बना सके जबकि उस समय टीम का स्कोर 13 रन ही था। उनके बाद बल्लेबाजी करने आए माइकल इंग्लिश भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए और अगले ही ओवर में खान की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।
इसके बाद ओपनर एंड्रू यूमीड ने जैंडर मुईर के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश और स्कोर 50 के पार पहुंचाया। यह दोनों संभल कर खेल रहे थे लेकिन 18वें ओवर मुईर (7) गनी की गेंद पर हिट विकेट हो गए। मुईर के आउट होते ही पारी लड़खड़ा गई।
अगले ही ओवर में कुलदीप यादव की आखिरी दो गेंदों में पर फैरार और स्टर्लिंग आउट हो गए। दोनों ही अपना खाता नहीं खोल पाए। अपने अगले ओवर की पहली ही बॉल पर एलेक्स बॉम को बोल्ड कर यादव ने अपनी हैट-ट्रिक पूरी कर ली। इसके बाद गनी ने सोल को आउट कर स्कॉटलैंड को 7वां झटका दिया। स्कॉटलैंड के बाकी बल्लेबाज भी गनी और यादव की फिरकी नहीं खेल पाए और टीम 30वें ओवर में ही ऑलआउट हो गई।

पाकिस्तान को हराकर अपना पहला मैच जीत चुकी टीम इंडिया के लिए अगले दौर में जगह पक्की करने का यह सुनहरा मौका है। भारत ने शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 40 रन से हराया था। स्कॉटलैंड भी अपना पहला मैच जीत चुकी है, उसने पापुआ न्यू गिनी पर 6 विकेट से जीत हासिल की थी।