नई दिल्ली: दिल्ली आज लगातार छठे दिन धुंध की चपेट में है. पूरे एनसीआर के कई इलाकों में ये धुंध फैली हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक दीवाली के बाद बढ़े प्रदूषण की वजह से ये धुंध काफी खतरनाक हो गई है. पिछले 17 सालों में इसे अब तक की सबसे जानलेवा धुंध बताया जा रहा है.
धुंध को देखते हुए आज दिल्ली के एमसीडी के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है. दीवाली के बाद से दिल्ली की हवा में इतना प्रदूषण घुल चुका है जो अब जानलेवा धुंध बनकर हर तरफ फैल गया है.
बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है सबसे ज्यादा असर
पिछले 17 सालों में पहली बार दिल्ली में ऐसी खतरनाक धुंध देखी जा रही है. इस खतरनाक धुंध का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है. चूंकि सुबह के समय धुंध सबसे ज्यादा होती है, इसीलिए दिल्ली के कई बड़े प्राइवेट स्कूलों और सभी सरकारी स्कूलों में आज एक दिन की छुट्टी कर दी गई है. इससे पहले कई स्कूलों ने बच्चों की आउटडोर एक्टिविटी भी पूरी तरह बंद कर दी थी.
गुरुग्राम में भी स्कूल तीन दिनों के लिए बंद
दिल्ली के 1800 सरकारी स्कूलों में आज छुट्टी रहेगी और अगर सोमवार तक भी हालात ठीक नहीं हुए तो छुट्टी बढ़ाई जा सकती है. वहीं हरियाणा के गुरुग्राम में श्रीराम स्कूल, शिवनाडर स्कूल और हैरिटेज स्कूल तीन दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं और जिस स्कूल में बच्चे आ रहे हैं उनके लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है.


Post a Comment