500-1000 के नोट बंद करने पर कई अनसुलझे सवाल: राहुल ने पूछा- मोदी बताएं 2000 के नोट से ब्लैकमनी पर कैसे लगेगी लगाम?


नई दिल्ली. नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में 500-1000 नोट पर बैन लगा दिया। करप्शन और ब्लैक मनी रोकने के नाम पर ऐसा किया गया। देश में इस पर बैन तो लग गया है, लेकिन कई सवाल अनसुलझे हैं। नोट कैसे बदलेंगे, मेरे पैसे क्या होगा? घर में रखे 500-1000 नोट का क्या होगा? दो दिन में अगर बड़े आयोजन हैं, जैसे शादी-ब्याह तो पैसे खर्च होंगे? राहुल गांधी ने 17 घंटे बाद मोदी सरकार के इस फैसले पर सवाल उठाया। ट्वीट कर कहा- ''मेरा पीएम से एक सवाल है कि आखिर कैसे 100 रुपए के नोट को हटा कर 2000 रुपए के नोट लाने से ब्लैकमनी पर लगाम लगेगी? #Modilogic.'' अनसुलझे सवाल, जिनका किसी के पास नहीं है जवाब...

जिन्होंने शादी-ब्याह के खर्च के लिए पैसे निकाल रखे होंगे, उनका क्या होगा?
- 500 और 1,000 रुपए के नोट बंद करने का असर शादी-ब्याह के साथ-साथ कई जगहों पर दिखेगा। इसे लेकर सरकार के पास भी कोई जवाब नहीं है। 
- एक तरह से सरकार ने आम आदमी के सामने आर्थिक आपातकाल जैसी स्थिति खड़ी कर दी है। 
- घरों में स्त्री धन बचत भी 500 और 1,000 के नोटों में होती है। इससे उन्हें भी परेशानी होगी।

इन सवालों के कोई जवाब नहीं
1. दो दिन बाद देवउठनी ग्यारस है। इस दिन देशभर में 40 हजार से ज्यादा शादियां हैं। लोगों ने हलवाई, टेंट वाले आदि को देने के लिए कैश घर पर रख रखा है। वो अब क्या करेंगे? बैंक जाकर भी बदलवाते हैं तो सिर्फ 4 हजार रुपए ही बदलवा सकेंगे!

2. छोटी फैक्ट्रियों, कारखानों के मालिकों ने कर्मचारियों को बांटने के लिए सैलरी निकाल रखी है। वो पैसे भी एक साथ नहीं बदलवा सकेंगे। ऐसे में क्या कर्मचारियों की तनख्वाह नहीं अटक जाएगी?

3. छोटे मजदूर जिनका कोई बैंक खाता नहीं है, वो अपनी पगार के बड़े नोट कहां बदलवाएंगे? दिहाड़ी मजदूरों पर बड़ा असर पड़ेगा। क्या वे भूखे रहेंगे?

मेरी पत्नी ने 500, 1000 के नोट बचाकर, 50 हजार रुपए जमा कर लिए, क्या अब उस पर टैक्स लगेगा?
- आप इन नोटों को लेकर बैंक जाइए और आधार कार्ड या वोटर आईडी बताकर अपने खाते में जमा कर लीजिए। इस पर अभी कोई इनकम टैक्स नहीं लगेगा।

मैंने कल ही 25 हजार रुपए निकाले, अब इनका क्या होगा?
- इन नोटों को बैंक या पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड, मतदाता पत्र, राशन कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड दिखाकर बदल सकेंगे। इसके बदले एक दिन में सिर्फ 4 हजार रुपए ही मिलेंगे।

500, 1000 के नोट बंद किए, लेकिन 2000 के नोट ला रहे हैं, इससे कालाधन कैसे रुकेगा?
बिल्कुल रुकेगा, क्योंकि नए 500 व 2000 के नोट एडवांस टेक्नोलॉजी के साथ बने हुए हैं। इसमें चिप लगी हुई है। इन नोटों को छिपाना बहुत मुश्किल होगा, साथ ही आसानी से पहचान भी सकेंगे।

500/1000 के नोट हटते ही 14 लाख करोड़ रुपए चलन से बाहर
- 500 रुपए के 1650 करोड़ नोट चलन में हैं। इसका मूल्य है 7.8 लाख करोड़ रुपए। यानी कुल करेंसी का 47.85% है।
- 1000 रुपए के 670 करोड़ नोट चलन में हैं। मूल्य 6.3 लाख करोड़ रुपए। यानी कुल करेंसी का 38.54% है।

25 देशों में बैन हैं बड़े नोट
चीन, ब्रिटेन, अमेरिका, सिंगापुर जैसे 25 से ज्यादा बड़े देशों में बड़े नोटों पर पूरी तरह से बैन है। चीन में 100 युआन, अमेरिका में 100 डॉलर और ब्रिटेन में 50 पाउंड से बड़ा नोट चलन में नहीं रहता। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल ने बड़े नोटों को भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी वजह बताया था।

प्लास्टिक मनी का इस्तेमाल
- डेेबिट कार्ड 69.72 करोड़। जुलाई में डेबिट कार्ड से एटीएम पर 21 लाख करोड़ रुपए के 75.21 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए।
- क्रेडिट कार्ड 2.60 करोड़। क्रेडिट कार्ड से 292 करोड़ रुपए से ज्यादा के 6.06 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए।

जीडीपी में 11% हिस्सा रखने वाले रियल एस्टेट सेक्टर में होता है सबसे ज्यादा कालेधन का इस्तेमाल
- भारत की इकोनॉमी 134 लाख करोड़ रु. की है , 14.74 लाख करोड़ का रियल एस्टेट का है।
- एक तिहाई कालेधन का इस्तेमाल रियल एस्टेट सेक्टर में होता है। फिर मैन्युफैक्चरिंग, गोल्ड व कंज्यूमर गुड्स में।
- इस फैसले से मनी लांड्रिंग, हवाला और अवैध रूप से छिपाए गए धन पर रोक लगेगी।