संसद में तीसरे दिन भी हंगामा, लोकसभा स्थगित; BJP बोली- नोटबंदी की तुलना उड़ी हमले से करने पर आजाद माफी मांगें



नई दिल्ली. विंटर सेशन के तीसरे दिन भी राज्यसभा में नोटबंदी को लेकर हंगामा हो रहा है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने एक दिन पहले उड़ी हमले की तुलना नोटबंदी से की थी। उनके बयान को कार्यवाही से हटा दिया गया था। अब बीजेपी कह रही है कि आजाद को माफी मांगनी चाहिए। उधर, लोकसभा के लिए बीजेपी ने व्हिप जारी कर सभी सांसदों से मौजूद रहने को कहा था। लेकिन लगातार हंगामे के बाद निचले सदन की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी गई। बता दें कि लोकसभा में भी विपक्ष चर्चा चाहता है और सरकार भी तैयार है। पर विपक्ष वोटिंग वाले नियम के तहत चर्चा चाहता है जो सरकार को मंजूर नहीं है। लोकसभा में पक्ष-विपक्ष की जमकर नारेबाजी...

- शुक्रवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले नरेंद्र मोदी ने अपने चेंबर में सीनियर मिनिस्टर्स के साथ मीटिंग की।
- हंगामे की वजह से राज्यसभा को 2.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
- उधर, 12 बजे लोकसभा की दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर विपक्ष ने 'अमीरों की सरकार हाय-हाय' जैसे नारे लगाए।
- बीजेपी सांसद मीनाक्षी लेखी ने गुलाम नबी आजाद के बयान के विरोध में कहा, "ये लोग आकस्मिक मौतों और शहादत को एक जैसा बता रहे हैं। ये पैसों की राजनीति करते हैं, इसलिए नोटबंदी पर चीख-पुकार मच रही है।"
- बीजेपी मांग कर रही है कि गुलाम नबी आजाद गुरुवार को राज्यसभा में दिए बयान पर माफी मांगें।
- नायडू ने आजाद के बयान पर अापत्ति जताई थी। देर शाम मीटिंग के दौरान राज्यसभा की कार्यवाही से आजाद का बयान हटा दिया गया, लेकिन इसके साथ ही नायडू का बयान भी हटाया गया। बीजेपी इससे नाराज है।

कांग्रेस के लिए फैसले का दिन- नायडू
- बीजेपी नेता वेंकैया नायडू बोले, " कांग्रेस सदन में बहस नहीं चाहती है। इस पार्टी ने निराश किया। हमने कहा कि तुरंत चर्चा करो, हमें आपत्ति नहीं है। बहस कीजिए, हंगामा नहीं।"
- उन्होंने कहा कि राज्यसभा में एक दिन बहस हुई, विपक्ष ने सरकार की आलोचना की, कुछ लोगों ने सुझाव दिया। अचानक कांग्रेस ने हंगामा शुरू कर दिया। मामले को भटकाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के पास तथ्य नहीं है और ना पॉजिटिव प्रपोजल।
- वेंकैया नायडू ने कहा, " कांग्रेस के लिए आज फैसले का दिन है। उसे बताना होगा कि गुलाम नबी आजाद का बयान पर्सनल था या ऑफिशियल।"
- उधर, कांग्रेस और बसपा सुप्रीमो मायावती ने साफ कहा कि मोदी सदन में आएं और जवाब दें। लेकिन वित्त मंत्री जेटली ने इस मांग को खारिज कर दिया।

बीजेपी मांगे माफी- गुलाम नबी आजाद
- राज्य सभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने विपक्ष की माफी मांगने की मांग ठुकरा दी।
- गुलाम नबी आजाद ने कहा, " उन्होंने कहा कि देश को परेशान करने के लिए बीजेपी को माफी मांगनी चाहिए, सरकार लोगों से माफी मांगे।"