बिजवासन में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य में हो रही देरी के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए क्षेत्र के विधायक सत प्रकाश राणा ने लोकायुक्त से इसकी शिकायत की है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री बिजवासन में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए धन आवंटित नहीं कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल खेल परियोजनाओं के तहत बिजवासन गांव में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की योजना वर्ष 2006 में पास हुई थी। दिल्ली सरकार को इसके लिए धन उपलब्ध कराना है और निर्माण की जिम्मेदारी दिल्ली नगर निगम के वेस्ट जॉन को दी गई है। निर्माण कार्य तीन साल बाद 2009 में शुरू किया गया, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। जबकि इसे 2011 तक पूरा किया जाना था।
उन्होंने कहा कि यहां पानी की निकासी के लिए नाले का भी निर्माण किया जाना है, लेकिन दिल्ली सरकार ने इसके लिए प्रस्तावित 74 लाख रुपये नहीं दिए। उन्होंने कहा कि इस बारे में वह मुख्यमंत्री को कई पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अभी तक पैसे आवंटित नहीं किए ग
ए हैं।
राणा ने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूरा नहीं होने की वजह से पिछले पांच साल से नजफगढ़-कापसहेड़ा रोड पूरी तरह से बंद है, जिससे यहां के लाखों लोगों को आठ किलोमीटर ज्यादा सफर तय करना पड़ रहा है।


Post a Comment