रणबीर कपूर की फिल्म ‘बेशर्म’ ने भलेही अपेक्षा के अनुरूप बिजनेस नहीं किया, लेकिन काम के प्रति उनका जोश कम नहीं हुआ है। वे और संभल गए हैं। साथ ही पुराने असाइनमेंट्स में गंभीरता दिखा रहे हैं और नई पटकथाएं सुन रहे हैं। गौरतलब है कि ‘बॉम्बे वेलवेट’ प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के इतिहासविद ज्ञान प्रकाश की किताब ‘मुंबई फेबल’ पर आंशिक रूप से आधारित है और अनुराग इस प्रोजेक्ट को लेकर लंबे समय से योजना बना रहे थे। लंबे समय तक चली लोकेशन की खोजबीन के बाद टीम श्रीलंका से फिल्म का शेड्यूल खत्म करके लौटी है। खबर है कि रणबीर अनुराग कश्यप के निर्देशन में बन रही ‘बॉम्बे वेलवेट’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी कड़ी में वे पिछले दिनों अनुराग के दफ्तर फिल्म के कुछ अंश देखने पहुंचे। दरअसल, इन दिनों अनुराग के ऑफिस में फिल्म का संपादन काफी जोर-शोर से चल रहा है और उनके सभी सहायक फिल्म की बेहतरी के लिए पूरी तरह से जुटे हुए हैं।
खुद अनुराग भी फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर से लेकर किसी भी चीज में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं। यही वजह है कि जब रणबीर ने उनसे फिल्म को देखने की बात कही तो वे बिना किसी तैयारी के इस बात के लिए सहमत हो गए। अब जब रणबीर फिल्म के अंश देखने आ ही रहे थे, तो अनुराग को फिल्म की लीड लेडी अनुष्का शर्मा को भी बुलाना ठीक लगा। अनुराग ने दोनों ही से बात की और देर रात अपने दफ्तर में दोनों के लिए एक रफ स्क्रीनिंग रख दी। दोनों ही कलाकार बिना किसी शोर-शराबे के फिल्म देखने पहुंचे। जाहिर है कि फिल्म अभी फाइनल स्टेज पर नहीं पहुंची है, लेकिन रणबीर हैं कि अपनी नई असफलता को दोहराने के मूड में नहीं हैं। बात तो समझ में आ ही गई होगी आपको, अरे हां, वही ‘बेशर्म’ से दर्शकों की बेरुखी..!


Post a Comment