रितिक ने छोड़ी 'शुद्धि', रणवीर की होगी एंट्री

हाल ही में करण जौहर ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि रितिक रोशन की हेल्थ प्रॉब्लम की वजह से 'शुद्धि' डिले होती जा रही है। तब उन्होंने यह भी कहा था कि इस डिले की वजह से हो सकता है कि करीना भी इस फिल्म का हिस्सा रह पाएं। लेकिन अब खबर है कि रितिक इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे।
रितिक ने एक ऑफिशल स्टेटमेंट जारी कर कहा है, 'अब मैं 'शुद्धि' नहीं करूंगा। करण मल्होत्रा के साथ मेरा काम करने का बहुत ही अच्छा एक्सपीरियंस रहा है। 'अग्निपथ' में मैंने उनके साथ काम किया, काफी अच्छा एक्सपीरियंस रहा। मुझे लगता है कि दोनों करण अपने इस प्रॉजेक्ट को अच्छी तरह आगे ले जाएंगे। मेरे अंदर 'शुद्धि' हमेशा बसी रहेगी। मुझे लगता है कि यह फिल्म बहुत अच्छी साबित होगी। मेरी तरफ से उन्हें आगे के लिए शुभकामनाएं!'
इस खबर पर दोनों करण ने रिऐक्ट नहीं किया। लेकिन सूत्रों की मानें, तो रितिक का ऑपरेशन और उनकी हेल्थ कंडिशन शायद उन्हें इजाजत नहीं दे रही थी कि वह इस फिल्म को करें। दरअसल, इसके लिए हाई फिटनेस लेवल की जरूरत थी।
वहीं, लगातार इस तरह की बातें भी रही हैं कि करीना कपूर भी इस फिल्म में नहीं होंगी। सुनने में आया है उनकी जगह दीपिका पादुकोण को लिए जाने की बात है। रितिक की जगह रणवीर सिंह को लिए जाने की चर्चा हो रही है। अगर रणवीर और दीपिका फिल्म के लिए राजी हो जाते हैं, तो यह उनकी साथ में तीसरी फिल्म होगी। इससे पहले वह 'गोलियों की रासलीला: रामलीला' में साथ नजर चुके हैं। आने वाली मूवी 'फाइंडिंग फैनी फर्नांडीज' में भी रणवीर और दीपिका साथ में होंगे।