अभिनेता अर्जुन रामपाल की पिछली रिलीज फिल्म थी ‘सत्याग्रह’, जिसमें उनके काम की खूब तारीफ हुई। इसके जरिए एक मैच्योर अभिनेता के तौर पर उन्हें पहचाना भी गया था। अब अर्जुन जल्द ही अपनी नई फिल्म ‘रॉय’ में नजर आएंगे। टी-सीरीज के बैनर तले बन रही इस फिल्म में अर्जुन एक जासूस की भूमिका में हैं और उनके साथ ही रणबीर कपूर भी एक अहम किरदार निभा रहे हैं लेकिन कई लोगों के सवालों से तंग आ चुके अर्जुन इस भूमिका के बारे में और भी विवरण देने से इंकार करते हैं और कहते हैं, ‘इस फिल्म में मैं लीड भूमिका में हूं। फिल्म की पूरी कहानी मेरे इर्द-गिर्द घूमती है।’ लंबे अर्से बाद किसी फिल्म में लीड भूमिका निभाने के सवाल पर अर्जुन कहते हैं, ‘मैं कभी सेकेंड लीड वाली भूमिकाओं को निभाने से परहेज नहीं करता, लेकिन मुझे बुरा लगता है जब लोग मेरे विवेक पर सवाल उठाते हैं।
मैंने अपने पीछे अक्सर लोगों को कहते हुए सुना है कि यार, ये अर्जुन हमेशा सेकेंड लीड भूमिकाएं ही क्यों करता है? मेरा उन लोगों से कहना है कि एक अभिनेता के लिए सेकेंड लीड कोई मायने नहीं रखता। उसे अगर कुछ दृश्यों का काम मिले और वह काम नोटिस हो तो उसे कर लेना चाहिए। रही बात ‘रॉय’ की, तो मैं यकीन दिलाता हूं कि फिल्म में लोग मेरी भूमिका देखकर चौंक जाएंगे। ‘सत्याग्रह’ की तर्ज पर मेरी यह भूमिका भी समाज के काफी करीब है। मॉडल्स को नासमझ कहने वाले लोंगों के लिए मेरा कहना है कि दिल्ली को मैंने भी काफी करीब से देखा है। खालसा कॉलेज के दिनों में मैं भी मंडल कमीशन के आंदोलन का हिस्सा था। मैंने भी सड़कों पर उतरकर समाज का विरोध किया है, लेकिन तब कभी किसी ने मेरी सोच पर सवाल नहीं खड़ा किया। फिर मैं मॉडलिंग करने लगा और फिल्मों में कमर्शियल करने लगा तो लोग मेरी आलोचना करने लगे। मैं कई बार इन सब चीजों को लेकर परेशान होता हूं। अपने करीबी दोस्तों से इस बारे में डिस्कस भी करता हूं, लेकिन आलोचना मेरे साथ लगातार बनी रहती है और उसी ने मुझे आगे बढ़ने में सहायता की। ‘रॉय’ की रिलीज के बाद मुझे उम्मीद है कि लोगों की यह धारणा बदल जाएगी कि मॉडल्स ब्रेनलेस लोग होते हैं।’


Post a Comment