अभिनेत्री ने वापस लिया छेड़छाड़ का मुकदमा

मलयालम फिल्मों की अभिनेत्री श्वेता मेनन ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा वापस ले लिया है। श्वेता के मुताबिक सांसद ने उनसे निजी तौर पर माफी मांग ली है, लिहाजा उन्होंने अपनी शिकायत वापस ले ली।
जानी-मानी अभिनेत्री श्वेता ने कोल्लम से सांसद एन पीतांबर कुरुप (71) पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज कराई थी। यह वाकया कोल्लम में सालाना प्रेसीडेंट बोट रेस के दौरान हुआ था। मीडिया में आए वीडियो में सांसद को अभिनेत्री को छूते दिखाया गया था। सांसद का कहना था कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया। सांसद सोमवार को भी अपने पक्ष पर अडिग रहे। एफआइआर वापस लेने के लिए श्वेता को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, ‘मैंने अभिनेत्री से बदसलूकी नहीं की थी, लेकिन बोट रेस की आयोजन समिति का हिस्सा होने के नाते मैंने उनसे माफी मांगी है।’
श्वेता ने एफआइआर दर्ज कराने के चंदे घंटे बाद ही रविवार रात अपनी शिकायत वापस ले ली। 39 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा, ‘बोट रेस के दौरान हुई घटना के लिए पीतांबर कुरप की ओर से सार्वजनिक और निजी तौर पर माफी मांगने के बाद मैंने शिकायत वापस ले ली है।’
अभिनेत्री ने कहा कि इस फैसले के पीछे उन पर कोई दबाव नहीं था, बल्कि गुरुजी, पिता और पति की राय पर उन्होंने मुकदमा वापस लेने का निर्णय लिया है।