J-K के डिप्टी सीएम बोले- बुरहान वानी आतंकी था और उसके साथ वैसा ही बर्ताव हुआ



जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने अपनी मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के उस आरोप को खारिज किया है, जिसमें कहा गया कि कश्मीर के हालात के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है. सिंह ने 'आज तक' से खास बातचीत में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार आपसी मदद से ही प्रदेश आगे बढ़ रहा है.

पीडीपी-बीजेपी की सरकार में डिप्टी सीएम निर्मल सिंह ने कहा, 'महबूबा मुफ्ती का यह आरोप सही नहीं है. केंद्र तो बहुत मदद कर रहा है जम्मू-कश्मीर की. केंद्र की मदद से ही हम आगे बढ़ रहे हैं. जम्मू-कश्मीर के जो हालात हैं, उसके लिए पूरी तरीके से पाकिस्तान जिम्मेदार है.'

क्या कहा था महबूबा ने
बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीएम महबूबा मुफ्ती ने कश्मीर के हालात के लिए जवाहर लाल नेहरू से लेकर नरेंद्र मोदी तक की केंद्र सरकार को दोषी ठहराया था. सीएम ने कहा था, 'जम्मू-कश्मीर के मौजूदा हालात के लिए जवाहर लाल नेहरू से लेकर वर्तमान तक का केंद्रीय नेतृत्व जिम्मेदार है. बंदूकें चाहे आतंकी की हो या हमारी, बंदूकों से कोई मसला हल नहीं होगा.'