भारतीय जनता पार्टी ने आगामी दिल्ली नगर निगम के चुनावों के लिए रविवार को घोषणापत्र जारी कर दिया है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घोषणापत्र जारी कर 10 रुपये में खाने की थाली उपलब्ध कराने का ऐलान किया। इसके साथ ही पार्टी ने समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के लिए सामाजिक सुरक्षा कार्ड जारी करने की भी घोषणा की।
बीजेपी ने रविवार को संकल्प पत्र जारी किया। इस अवसर पर मनोज तिवारी के साथ दिल्ली भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, हर्षवर्द्धन, विजय गोयल जैसे दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। घोषणापत्र में बीजेपी ने वादा किया है कि पार्षद एवं निगम के पदाधिकारी हर महीने RWA के साथ मीटिंग कर उनकी समस्याएं समझेंगे और सुलझाएंगे। पार्टी का संकल्प पत्र जारी करते हुए तिवारी ने बताया कि 'दिल्ली को ढलाव मुक्त बनाएंगे और घर घर जाकर कचरा इकठ्ठा करेंगे। ड्रेनेज सिस्टम का नवीनीकरण करके जल भराव की समस्या को सुलझाया जाएगा। सभी बाजारों की नाईट क्लीनिंग करेंगे एवं शौचालय बनाएंगे।' बीजेपी ने एमसीडी चुनाव जीतने के बाद 500 वर्ग मीटर तक के प्लाट के लिए नक्शा पास करने की अनिवार्यता को समाप्त करने का भी वादा किया है। पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि 'दिल्ली नगर निगम सभी रिक्शा चालकों, ऑटो रिक्शा एवं टैक्सी ड्राइवरों, फेरीवालों, घरेलू नौकरों, दिहाड़ी मजदूरों, औद्योगिक कामगारों एवं समाज के कमजोर वर्ग के लोगों ने लिए सामाजिक सुरक्षा कार्ड जारी करेगा। जिसके तहत असंगठित क्षेत्र के ये लोग बीमा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं शिक्षा जैसी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। इन लोगों को उगाही और उत्पीड़न से बचाने के लिए ठोस और पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे।'
बीजेपी ने अपने संकल्प-पत्र में वादा किया है कि वह नगर निगम के सभी अस्थाई सफाई कर्मचारियों को नियमित करेगी।' इसके अलावा 'प्रत्येक स्कूल में वाटर प्यूरिफायर एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।’ पार्टी का कहना है कि 'महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए उनका प्रशिक्षण तथा वित्तीय सहायता सुनिश्चित की जाएगी।'
बीजेपी ने दिल्ली में रहने वाले बिहारी वोटरों को लुभाने के लिए नए छठ घाटों के निर्माण एवं उनकी साफ़ सफाई की विशेष व्यवस्था कराने का भी वादा किया है।


Post a Comment