नई दिल्ली. पिछले साल दिसंबर में दुनिया को अलविदा कह चुके मशहूर सितारवादक रविशंकर
की बेटी अनुष्का शंकर ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 31 साल की सितारवादक
अनुष्का ने वैलेंटाइंस डे के मौके पर एक अरब महिलाओं को न्योता दिया है कि
वे घर से बाहर निकलें, डांस करें और अपने खिलाफ हो रही हिंसा के खिलाफ आवाज
बुलंद करें। एक वेबसाइट चेंज. ओआरजी पर 'वन बिलियन राइजिंग' नाम का एक
कैंपेन चलाया जा रहा है जिसमें दुनिया भर की महिलाओं और पुरुषों से एक साथ
आकर यह कहने की अपील की जा रही है, 'अब बहुत हो चुका है। महिलाओं के खिलाफ
हिंसा अब बंद होनी चाहिए।'
इस वेबसाइट पर अनुष्का का एक संदेश भी लोड है, जिसमें वे उन महिलाओं
का समर्थन कर रही हैं, जिनका यौन उत्पीड़न हुआ है। इस वीडियो में अनुष्का
ने कहा, 'जब मैं बच्ची थी तब मेरा यौन और मानसिक शौषण कई सालों तक हुआ था।
मेरे साथ यह घिनौनी हरकत एक ऐसे शख्स ने की थी जिस पर मेरे माता-पिता बहुत
ज्यादा भरोसा करते थे। जैसे-जैसे मैं बड़ी हो रही थी, किसी भी अन्य महिला
की तरह मैंने जबर्दस्ती छूए जाने और गालियां बर्दाश्त की हैं। इसके अलावा
मेरे साथ ऐसी कई चीजें हो चुकी हैं, जिनसे निपनटा मुझे नहीं आता था। मैं
नहीं जानती थी कि मैं कैसे बदल सकती हूं। एक महिला के तौर पर मुझे लगता है
कि मैं हमेशा डर के साये में जी रही हूं। रात में अकेले टहलने, किसी पुरुष
द्वारा समय पूछे जाने पर जवाब देने में मुझे डर लगता है। लेकिन अब मैं
दिल्ली गैंगरेप की शिकार लड़की और उस जैसी अन्य महिलाओं के लिए जग रही हूं।
मैं अपने देश की अद्भुत महिलाओं के लिए जग रही हूं। मैं अपने अंदर के
बच्चे के लिए जग रही हूं। इसलिए आप मेरे साथ आइए, डांस कीजिए। डांस में
किसी भी जख्म को भरने की अद्भुत शक्ति है।'


Post a Comment