नहीं चलीं तीनों फिल्में, फीका रहा ये वीकएंड

पिछले हफ्ते रिलीज हुई 'कर ले प्यार कर ले', 'परांठे वाली गली' और 'मिस लवली' का लगभग एक सा हाल रहा। तीनों ही फिल्में बॉक्स आफिस पर लुढ़क गई। 'मिस लवली' को समीक्षकों ने जरूर सराहा, लेकिन आम दर्शकों ने नवाजुद्दीन सिद्दिकी की इस फिल्म में रुचि नहीं ली। 'कर ले प्यार कर ले' और 'परांठे वाली गली' से ट्रेड पंडितों को कोई अपेक्षा नहीं थी।

निर्माता सुनील दर्शन अपने बेटे दर्शन की फिल्म ढंग से नहीं पेश कर सके। शिव दर्शन के शोकेस के तौर पर बनी 'कर ले प्यार कर ले' ने निराश किया। 'परांठे वाली गली' में दर्शकों ने घुसना पसंद नहीं किया। तीनों ही फिल्मों के शोज दर्शकों के अभाव में रद्द किए गए। वीकएंड में तीनों फिल्मों का कुल बिजनेस 2 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं पार कर सका। अब गणतंत्र दिवस से पहले रिलीज हो रही 'जय हो' का इंतजार है।