शुक्रवार को ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर कश्मीर घाटी में वही हुआ जिस बात की आशंका थी।
नमाज-ए-ईद के बाद डाउन टाउन श्रीनगर के विभिन्न हिस्सों में ईदगाह में ही नहीं बल्कि शोपियां और कुलगाम में भी पुलिस और हुर्रियत समर्थकों के बीच जमकर हिंसक झड़पें शुरू हो गई।
हिंसा उस समय शुरू हुई जब नमाज के बाद लोगों ने भारत विरोधी नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोका तो वे हिंसक हो उठे। हिंसक भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने भी बल प्रयोग किया। खबर के लिखे जाने तक कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में हिंसक झड़पें जारी थी।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजरतबल दरगाह में नमाज अदा की। इस दौरान वहां कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ धक्कामुक्की करने का प्रयास करते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। हालांकि मुख्यमंत्री को उनके सुरक्षाकर्मियों ने वहां से सुक्षित निकाल लिया।
किश्तवाड़ में हिंसक झड़पें
जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले में भी नमाज के बाद दो समुदायों के बीच हिंसक झड़पों की सूचना है।


Post a Comment