नहीं रहीं हॉलीवुड अदाकारा शिर्ले ब्लैक

अपनी दमदार अदाकारी के बूत महज छह साल की उम्र में ही पूरे हॉलीवुड पर छा जाने वाली 1930 के दौर की नामचीन बाल कलाकार शिर्ले टेंपल ब्लैक अब इस दुनिया में नहीं रहीं। सोमवार देर शाम उन्होंने कैलिफोर्निया स्थित अपने आवास पर 85 वर्ष की उम्र में इस संसार को अलविदा कह दिया।
शिर्ले ने 1930 के उस दौर में अपनी यादगार बाल सुलभ चपलताओं से अमेरिकी जनमानस का दिल जीत लिया, जिस समय अमेरिका महामंदी की भयंकर चपेट में था। उन्होंने अवसाद ग्रस्त लोगों के चेहरों पर मुस्कराहट बिखेरने का काम किया था।

शिर्ले अपने जमाने में किस कदर मशहूर थीं, इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि छह वर्ष की इस बाल कलाकार की शक्ल वाली गुड़िया खिलौना और उसके नाम वाले ड्रेस के लिए बाजार में मारामारी मची रहती थी। उनके कई गाने मसलन 'आन गुड शिप लॉलीपॉप', 'स्टैंड अप एंड चीयर' और 'बेबी टेक बो' आज भी अमेरिकी बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। उनके शोहरत का ही कमाल था कि शिर्ले को तत्कालीन अमेरिकी सरकार ने घाना और चेकोस्लोवाकिया में राजदूत बनाया।