8 से 10 नवंबर तक सोना, हीरा, विदेशी मुद्रा खरीदने-बेचने वालों पर अब होगा सर्जिकल स्ट्राइक


कालेधन पर सर्जिकल स्ट्राइक के बाद अब सरकार की नजर छुपे हुए काले धनकुबेरों पर है. आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने काले धन को सफेद करने की जांच शुरु कर दी है.

आयकर विभाग और ईडी की जांच
आयकर विभाग और ईडी अब 8 से 10 नवंबर तक सोना खरीदने और बेचने वालों का वेरीफिकेशन करने जा रहा है. साथ ही दोनों विभाग इन 3 दिनों में सोना, हीरा और विदेशी मुद्रा खरीदने वालों की जांच करने की तैयारी में है.

काले धन को खपाने की कोशिशों पर नजर
दरअसल 8 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी के 500 और 1000 के नोट बैन के एलान के बाद काले धनकुबेर अचानक सकते में आ गए. देर रात से ही लोगों ने फौरन अपने पास रखे 500 और 1000 के नोटों को सोने, हीरे और विदेशी मुद्राओं में बदलना शुरु कर दिया. इसी बीच 'आजतक' के 'ऑपरेशन गोल्ड' ने दिल्ली समेत कई शहरों में सोने की कालाबाजारी की पोल खोल दी.

लिस्ट तैयार
काले धन के बदलते रुप से चिंतित आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय अब काले धनकुबेरों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करने जा रहा है. दरअसल आयकर विभाग और ईडी के अधिकारी उन लोगों की फेहरिस्त तैयार करने में जुटे हैं, जिन लोगों ने 8 से 10 नवंबर के बीच सोना, हीरा और विदेशी मुद्रा की खरीद-फरोख्त की है. विभाग पहले इनका वेरीफिकेशन करने जा रहा है.

सबको देना होगा हिसाब
जिसके बाद संबंधित लोगों को खरीद-फरोख्त की रकम का हिसाब देना होगा और बताना होगा कि उनके पास यह पैसा कहां से आया. वहीं आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ज्वैलर्स और धार्मिक संस्थानों पर भी खासा नजर बनाए हुए हैं. बता दें कि आयकर विभाग और ईडी दिल्ली, मुंबई समेत कई महानगरों से छापेमारी के दौरान कब्जे में लिए गए दस्तावेजों का आंकलन कर रहा है.

जनधन खातों पर भी नजर
वहीं आयकर विभाग की उन खातों पर भी नजरें हैं, जो प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खोले गए थे. दरअसल विभाग नोटबंदी के एलान के बाद खातों में जमा की गई रकम और संबंधित खाताधारक की इनकम का मिलान करेगा. जिसके बाद फॉर्म में दिख रहे आयकर विभाग ने काले धनकुबेरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं.