सीबीआई पर बनी डॉक्यूमेंट्री में आवाज देंगे बिग बी

अमिताभ बच्चन बॉलीवुड की ऐसी हस्ती हैं, जिन्होंने मनोरंजन के हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब इस एंग्री यंग मैन की बुलंद आवाज को डॉक्यूमेंट्री के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। जी हां बिग बी सीबीआई पर बनी डॉक्यूमेंट्री को अपनी आवाज देंगे।
दरअसल, सीबीआई इस साल अपने पचास साल पूरे कर रही है। इस स्वर्ण जयंती के अवसर पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई गई है, जिसमें अंग्रेजी में आवाज कबीर बेदी ने दी है, जबकि हिंदी संस्करण में अमिताभ बच्चन की आवाज होगी।

बच्चन ने शनिवार रात को डॉक्यूमेंट्री के कुछ भाग के लिए अपनी आवाज रिकॉर्ड की है। उन्होने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'सीबीआई की डॉक्यूमेंट्री करते समय मुझे उनकी तकनीकी क्षमता और दक्षता देख कर बहुत आश्चर्य हुआ।' उन्होंने आगे लिखा कि 21 मिनट की इस डॉक्यूमेंट्री में एजेंसी के जांच पड़ताल के जटिल तरीके, फोरेंसिक और वकीली कार्यवाही को बयां किया गया है।