कितनों से बॉक्स ऑफिस पर भिड़ेंगे रणबीर?

पहले अभिनेता रणबीर कपूर की फिल्म बॉम्बे वेलवेट आमिर की फिल्म पीके के साथ 25 दिसंबर टकराने की खबरें रही थीं और अब चर्चा है कि रणबीर की एक और फिल्म शाहिद कपूर की फिल्म के साथ रिलीज हो रही है।
सूत्रों ने बताया कि दोनों कलाकारों की फिल्म एक ही तारीख यानी 12 सितंबर को रिलीज होने वाली है। रणबीर की फिल्म 'रॉय' और शाहिद कपूर की फिल्म 'हैदर' एक ही दिन रिलीज होने जा रही है। दोनों फिल्मों के निर्माताओं ने रिलीज के लिए 12 सितंबर को ही चुना है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ट्विटर पर लिखते हैं, 'एक और टकराव! 12 सितंबर को रणबीर शाहिद से भिड़ेंगे। रॉय के सामने हैदर रिलीज हो रही है।' जब निर्माता भूषण कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने खबर को सच बताया और कहा 'हमारी फिल्म रॉय इस साल 12 सितंबर को रिलीज होगी, इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई दूसरी फिल्म भी इसी दिन रिलीज हो रही है।'
उन्होंने कहा कि आजकल बड़ी मुश्किल हो गई है कि आपको अपनी फिल्म रिलीज करने के लिए कोई खाली दिन मिल जाए इसलिए तारीखें आगे-पीछे करने का कोई मतलब ही नहीं है। हम फिल्म की शूटिंग मार्च में शुरू करेंगे। पहला शेड्यूल मुंबई में होगा और फिर साउथ अफ्रीका में काम जारी रहेगा। हम एक साथ काम पूरा करेंगे और मई तक फिल्म पूरी शूट हो जाएगी।'

इधर, विक्रमजीत सिंह की फिल्म रॉय एक लव ट्रायंगल है और विशाल भारद्वाज की हैदर विलियम शेक्सपियर की हेमलेट पर बन रही है। हैदर में शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर हैं।